उतरप्रदेशदेश

हाईकोर्ट के आदेश पर लखनऊ में अवैध चैंबरों पर चला बुलडोजर, वकीलों का हंगामा

कई जगह तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी

लखनऊ,यशभारत। लखनऊ में रविवार सुबह जिला कोर्ट और स्वास्थ्य भवन के आसपास बने अवैध चैंबरों एवं दुकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में वकील और दुकानदार मौके पर एकत्र हो गए तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस द्वारा समझाइश देने के दौरान कई जगह तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। बाद में पुलिस बल ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाकर कार्रवाई जारी रखी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

बताया गया कि हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य भवन एवं कचहरी क्षेत्र के आसपास बने लगभग 240 अवैध चैंबर हटाने के निर्देश दिए थे। नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय भी दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि के बाद भी चैंबर नहीं हटाए गए। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की।

वहीं वकीलों का आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उनके चैंबर तोड़े जा रहे हैं। कुछ अधिवक्ताओं ने दावा किया कि जिन चैंबरों पर कार्रवाई की गई, उनमें कई ऐसे भी शामिल हैं जिन पर तोड़फोड़ का आदेश नहीं था। विरोध स्वरूप कार्रवाई स्थल पर सुंदरकांड का आयोजन भी किया गया था, जिसे बाद में हटाया गया। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान जारी रखा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button