ट्विशा शर्मा केस में नया मोड़: MP हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम की दी अनुमति
एम्स दिल्ली के डॉक्टरों की टीम करेगी जांच, अब खुलेगा मौत का राज?

जबलपुर,यशभारत। रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट की एकलपीठ के न्यायमूर्ति अवनिंद्र कुमार सिंह ने आदेश दिया कि पोस्टमार्टम भोपाल में ही किया जाएगा, लेकिन इसकी निगरानी एम्स दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम करेगी। इसके लिए डॉक्टरों को विशेष विमान से भोपाल लाने की व्यवस्था की जाएगी।
यह आदेश ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया। याचिका में बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की गई थी।
जानकारी के अनुसार नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा ने करीब पांच महीने पहले भोपाल के वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए मुलाकात के बाद विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सुनवाई के दौरान समर्थ सिंह के अधिवक्ता मृगेंद्र सिंह ने अग्रिम जमानत याचिका वापस लेते हुए कहा कि दोबारा पोस्टमार्टम से प्रदेश के डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होंगे। वहीं सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि शासन को दोबारा पोस्टमार्टम पर कोई आपत्ति नहीं है।
हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब एम्स के विशेषज्ञों की रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।







