‘लव-जिहाद’ के आरोप में मुस्लिम युवक पकड़ा गया; हिंदू संगठन ने फ्लैट पर दी दबिश

‘लव-जिहाद’ के आरोप में मुस्लिम युवक पकड़ा गया; हिंदू संगठन ने फ्लैट पर दी दबिश
युवक ने गुमराह करने के लिए बताया था दीपक यादव नाम; पुलिस जांच में जुटी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अयोध्या नगर इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक फ्लैट पर दबिश देकर एक मुस्लिम युवक को एक हिंदू युवती के साथ पकड़ा। संगठन ने इस घटना को ‘लव-जिहाद’ बताते हुए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। संगठन के सदस्यों ने गुप्त सूचना पर अयोध्या नगर स्थित एक फ्लैट में कार्रवाई की। यहां से दानिश खान नाम के युवक को पकड़ा गया। संगठन के सदस्य शुभम पांचाल ने बताया कि उन्हें लंबे समय से दानिश द्वारा ‘लव-जिहाद’ किए जाने की सूचना मिल रही थी।
नाम बदलकर मुलाकात का आरोप
संगठन का आरोप है कि शाहजहानाबाद इलाके के रहने वाले दानिश खान ने शहडोल की निवासी और नर्सिंग की पढ़ाई कर रही युवती से अपना नाम बदलकर मुलाकात की और उसे प्रेम जाल में फंसाने का प्रयास किया। पकड़े जाने के बाद, दानिश ने संगठन के कार्यकर्ताओं को गुमराह करने के लिए खुद को ‘दीपक यादव’ बताया। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने और दस्तावेज चेक किए जाने के बाद उसकी असली पहचान दानिश खान के रूप में सामने आई।
इनका कहना है…
आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है। फ्लैट में एक हिंदू युवती भी मौजूद थी, जबकि कुल तीन युवतियां थीं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, और जांच के तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महेश लीलारे, थाना प्रभारी अयोध्या नगर







