जबलपुर शहपुरा में ढोलक बजाने वाले मजदूर की हत्या!: गले में गमछे के रगड़ के निशान, करीबियों पर पुलिस को शक

जबलपुर, यशभारत। शहपुरा के भमका गांव में ढोलक बजाने की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक ग्राम सिद्धपुरी थाना चरगवंा का रहने वाला था। मजदूरी के साथ भजन मंडली में ढोलक बजाने का काम करता था। पुलिस को मृतक गले में गमछा के रगड़ के निशान है और प्रारंभिक जांच पड़ताल में पूरा मामला हत्या लग रहा है। हालांकि पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है इसके बाद तय होगा कि मजदूर की हत्या हुई या फिर उसने आत्महत्या की है।
थाना प्रभारी शहपुरा श्याम लाल वर्मा ने बताया कि ग्राम भमका स्थित खेत में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पर तत्काल हमराह स्टाफ को लेकर पहुंचा, खेत के बीच में एक व्यक्ति जिसकी उम्र लगभग 45 वर्ष होगी, मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। शव लगभग 2 दिन पूर्व का लग रहा था शव डिकम्पोज स्थिति में था। गले में सफेद गमछा बंधा हुआ था। मृतक की शिनाख्त की गई तो बल्लू उर्फ बलराम भूमिया निवासी ग्राम सिद्धपुरी थाना चरगवॉ के रूप में हुई। प्रारम्भिक पूछताछ पर ज्ञात हुआ कि बल्लू भूमिया मजदूरी करता था जो 15 जून को सुबह घर से निकला था। वरिष्ठ अधिकारियों एवं एफ.एस.एल. टीम की उपस्थति में पंचनामा कार्यवाही कर शव को पीएम हेतु भिजवाते हुये मर्ग कायम कर जांच में लिया गया। विस्तृत जांच जारी है।
पत्नी की 12 साल पहले मौत घर में 12 साल की बेटी
मृतक बलराम भूमिया की पत्नी की मौत 12 साल पहले हो चुकी है। बलराम की 12 साल की बेटी है जो पढ़ रही है। बलराम बेटी के लिए मजदूरी कर उसे पढ़ा रहा था। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक शराब का आदी के साथ भजन मंडली में गाने-बजाने का काम करता था।
करीबियों पर शक, संदिग्धों से पुलिस की पूछताछ
शहपुरा पुलिस ने बताया कि बलराम की हत्या उसके करीबियों ने की है। बलराम से आखिरी बार कौन मिला था और वह किसके साथ दिखा था इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने संदिग्धों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बलराम की हत्या शराबखोरी के चलते हुई है।