मध्य प्रदेशराज्य

सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत : तीन गंभीर घायल

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल की देर रात सिवनी-मंडला मार्ग पर ग्राम चौरापाठा के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल केवलारी पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि रेलवे रैक पॉइंट केवलारी में मजदूरी करने के बाद तीन लोग एक मोटरसाइकिल से अपने गांव सुनेहरा लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से एक अन्य बाइक सवार, जो ग्राम सांवरी से सिरोली की ओर जा रहा था, चौरापाठा के पास पहुंचा ही था कि अचानक सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने दोनों मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी।

इस हादसे में संदीप नंदा (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोहित भांवरे (35 वर्ष), संदीप उइके (34 वर्ष) और भैयालाल पूसाम (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले केवलारी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल सिवनी रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही केवलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पिकअप वाहन चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। केवलारी थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम का कहना है कि मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और टक्कर मारकर फरार पिकअप वाहन व चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button