घने कोहरे के कारण मुंबई-जबलपुर फ्लाइट अहमदाबाद डायवर्ट, इंदौर फ्लाइट में 4 घंटे की देरी
हवाई सेवाओं में व्यवधान

जबलपुर,यश भारत। शनिवार को जबलपुर हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण हवाई सेवाओं में व्यवधान देखने को मिला। सुबह से ही मौसम अत्यंत धुंधला और दृश्यता कम होने के कारण कई उड़ानों के संचालन में बदलाव किए गए। मुंबई से जबलपुर आने वाली फ्लाइट को मौसम खराब होने के कारण अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) अधिकारियों ने बताया कि यह फ्लाइट सामान्य रूप से सुबह 9:40 बजे जबलपुर एयरपोर्ट पर पहुंचती है, लेकिन मौसम की वजह से उसे सुरक्षित कारणों से अहमदाबाद भेजा गया।
इंदौर से जबलपुर होकर हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट भी घने कोहरे के कारण करीब चार घंटे देरी से पहुंची। एटीसी के अनुसार, यह फ्लाइट सुबह 8:10 बजे जबलपुर पहुंचती है, लेकिन शनिवार को यह दोपहर 12:35 बजे एयरपोर्ट पर उतरी और इसके बाद ही 1:00 बजे हैदराबाद के लिए रवाना की गई।

हालांकि, बेंगलुरु और दिल्ली से जबलपुर आने वाली उड़ानें समय पर पहुंचीं और उनका संचालन सामान्य रहा। यात्रियों को हालांकि कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन एयरलाइंस ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी बदलाव किए।
एटीसी अधिकारियों ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद उड़ानें सामान्य संचालन में लौट जाएंगी और यात्रियों से धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा, हवाई अड्डे पर यात्रियों को अपडेट देने और मार्गदर्शन करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है।अधिकारियों ने यात्रियों से सलाह दी है कि वे मौसम और उड़ान की जानकारी पहले से ले लें और समय पर एयरपोर्ट पहुँचें।






