
एमपी बोर्ड ने 10वीं-12वीं की परीक्षा के कुछ विषयों को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। बोर्ड द्वारा 12वीं के फिजिक्स सब्जेक्ट में 5 बोनस मार्क्स दिए जाएंगे। 12वीं के हिंदी विषय में 2, अंग्रेजी में 3 और 10वीं के हिंदी विषय में 3 बोनस अंक दिए जाएंगे।
दृष्टिहीन कैटेगरी के स्टूडेंट्स को सामाजिक विज्ञान विषय में 4 बोनस अंक मिलेंगे। बोर्ड के एक एकेडमिक द्वारा किए गए एनालिसिस के बाद यह निर्णय लिया गया। बोर्ड के सचिव श्रीकांत बनोट कहना ने कहा कि जिन विषयों में छपाई और व्याकरण संबंधी गलती हुई थी, उनमें बोनस अंक दिए गए हैं। इधर विशेषज्ञों ने होम साइंस और एग्रीकल्चर से जुड़े सब्जेक्ट पेपर में भी गलतियां हाेने की बात कही है।
पहली बार मॉडल आंसर में भी हुई गलतियां
फिजिक्स के पेपर की गलतियां उजागर करने वाले विषय विशेषज्ञ शिववीर सिंह भदौरिया ने बताया कि विषयों के मॉडल आंसर में भी गलतियां हुई हैं। इन मॉडल आंसर के आधार पर ही कॉपियों का मूल्यांकन किया जाता है। यह मॉडल आंसर पेपर सेटर और मॉडरेटर द्वारा ही तैयार किए जाते हैं। ऐसा पहली बार हुआ जब बोर्ड ने मॉडल आंसर की गलतियां भी मानी।
विशेषज्ञ बोले-बोनस मार्क्स 15 मिलना चाहिए
फिजिक्स के पेपर को लेकर भदौरिया ने बताया कि ब्लू प्रिंट के अनुसार सही जोड़ी देना जरूरी था जो कि दिया नहीं गया। पेपर में जिस प्रकार की गलतियां हुई उसके हिसाब से 15 बोनस अंक मिलना चाहिए।