मां बनी हैवान: चार मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या, वजह ने चौंकाया
ममता हुई शर्मसार,बच्चों की हत्या से पूरे इलाके में मातम

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर क्षेत्र में चार मासूम बच्चों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में शनिवार को सामने आई इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। मृत बच्चों की पहचान शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बयान उर्फ सादिया (8) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले खाने में विषैला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर अंदर से बंद था और आरोपी मां गासिया खातून फरार है।
बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता नियाज अहमद सऊदी अरब में काम करते हैं और पिछले चार वर्षों से घर नहीं लौटे थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि उन्होंने विदेश में दूसरी शादी कर ली थी, जिसके चलते पारिवारिक विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी तनाव को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घर में प्रवेश कर चारों बच्चों के शव बरामद किए। मौके पर खून के निशान और उल्टी के संकेत मिलने से जहरीले पदार्थ के उपयोग की आशंका और गहरी हो गई है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्राची सिंह के नेतृत्व में छह टीमों का गठन किया गया है, जो सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं। वहीं, आरोपी महिला के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है और परिजन जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।







