बिहार की नाबालिग को भोपाल में एक साल तक बंधक बना किया दुष्कर्म, आरोपी पति गिरफ्तार; मानव तस्करी के एंगल पर जांच शुरू

बिहार की नाबालिग को भोपाल में एक साल तक बंधक बना किया दुष्कर्म, आरोपी पति गिरफ्तार; मानव तस्करी के एंगल पर जांच शुरू
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहपुरा थाना इलाके में बिहार से आई एक नाबालिग लड़की को करीब एक साल तक बंधक बनाकर रखने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का खुलासा हुआ है। पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से भाग निकली और पुलिस थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं घटना में शामिल एक दंपती की तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला करीब एक साल पुराना है। 1 मार्च 2025 को बिहार की रहने वाली नाबालिग लड़की अपने माता-पिता से किसी बात पर नाराज होकर घर से निकल गई थी। वह रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से भोपाल आने वाली ट्रेन में बैठ गई। सफर के दौरान नाबालिग की मुलाकात एक अज्ञात दंपती से हुई। उस दंपती ने बच्ची को अपनी बातों में फंसाकर उसका भरोसा जीता और उसे अपने साथ भोपाल ले आए।
दो दिन बाद जबरन करा दी शादी भोपाल लाने के महज दो दिन बाद ही उस शातिर दंपती ने नाबालिग की मर्जी के खिलाफ जबरन उसकी शादी एक युवक से करा दी। शादी के बाद आरोपी युवक पीड़िता को शाहपुरा स्थित एक मल्टी में ले गया। आरोपी ने पीड़िता को वहां करीब एक साल तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान पीड़िता को बाहर निकलने या किसी से संपर्क करने की इजाजत नहीं थी।
मौका मिलते ही भागी पीड़िता बीते दिनों पीड़िता को जैसे ही आरोपी के चंगुल से निकलने का मौका मिला, वह वहां से भाग निकली। पीड़िता ने सीधे शाहपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी पति के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मानव तस्करी की आशंका, दंपती भी बनेंगे आरोपी शाहपुरा पुलिस अब इस पूरे मामले में मानव तस्करी के एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भोपाल लाने वाले दंपती को भी इस मामले में सह-आरोपी बनाया जाएगा, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं।







