10वीं 12वीं के बेहतर परीक्षा परिणाम पर मंत्री सारंग ने जताई खुशी, बेटियों की सफलता को बताया परिवर्तन का संकेत

10वीं 12वीं के बेहतर परीक्षा परिणाम पर मंत्री सारंग ने जताई खुशी, बेटियों की सफलता को बताया परिवर्तन का संकेत
भोपाल यश भारत । मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम बेहतर आने पर प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा में लगभग 74 प्रतिशत छात्र छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं जो राज्य के लिए गर्व का विषय है। खास बात यह रही कि इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किए हैं।
मंत्री सारंग ने कहा कि यह परिणाम ऐसे समय में आया है, जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का संकल्प साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी एक सकारात्मक संकेत है और सरकार का लक्ष्य है कि वे शिक्षा के माध्यम से अपना सशक्त और सुरक्षित भविष्य निर्मित करें। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में स्कूली शिक्षा को लेकर किए गए प्रयासों का ही परिणाम है कि आज शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिल रहा है। सांदीपनी स्कूल जैसे संस्थान इसका उदाहरण हैं, जहां बेहतर संरचना और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मंत्री सारंग ने यह भी कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों से अब सरकारी स्कूल किसी भी मामले में निजी स्कूलों से कम नहीं हैं। चाहे बुनियादी ढांचा हो, शिक्षकों की गुणवत्ता, पढ़ाई का स्तर या प्रयोगशालाओं की सुविधा हर क्षेत्र में सुधार हुआ है। यही कारण है कि इस वर्ष परीक्षा परिणाम उत्साहजनक रहे हैं। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







