रेलवे भर्ती बोर्ड भोपाल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न

रेलवे भर्ती बोर्ड भोपाल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न
प्रशासनिक कार्य आमजन की भाषा हिंदी में हों: रश्मि दिवाकर
भोपाल, यशभारत। रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल के कार्यालय में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड की अध्यक्ष रश्मि दिवाकर ने की, जिसमें मार्च 2026 तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर
अपने अध्यक्षीय संबोधन में रश्मि दिवाकर ने राजभाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, देवनागरी लिपि में लिखी जाने वाली हिंदी भारत संघ की आधिकारिक राजभाषा है। यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रशासनिक कार्य आमजन की भाषा में ही संचालित हों। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के साथ-साथ गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सकारात्मक और निरंतर प्रयास किए जाएं।
सांस्कृतिक धरोहर पर प्रस्तुति
बैठक के दौरान एक विशेष सत्र का भी आयोजन हुआ। विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली के निर्देशानुसार कार्यालय के राजभाषा अनुभाग द्वारा भारतीय रेल की विश्व धरोहर एवं उनका संरक्षण विषय पर हिंदी में एक प्रभावशाली पावर प्वाइंट प्रस्तुति दी गई। उपस्थित सदस्यों ने रेलवे की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम की रूपरेखा
बैठक के प्रारंभ में सदस्य सचिव नीरज कुमार राजपूत ने रश्मि दिवाकर का पौधा भेंटकर स्वागत किया। संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सहायक सचिव अनिल कुमार सिन्हा ने समिति के सदस्यों को बैठक के एजेंडे और प्रगति से अवगत कराया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अनुवादक राकेश कुमार मालवीय द्वारा किया गया। इस अवसर पर बोर्ड के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।







