
जबलपुर , यश भारत। मूलत उड़ीसा निवासी एक विवाहिता ने जबलपुर के माढोताल थानांतर्गत सूरतलाई निवासी एक युवक को पैसों की लालच में अपने झांसे में लेकर उसके साथ दूसरा विवाह कर रचा लिया। अपनी पत्नी की इस करतूत का खुलासा होने के बाद पीडित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। यहां पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर दूसरा विवाह कराने में शामिल महिला के रिश्तेदार, और परिचितों की तलाश आरंभ कर दी है परंतु अभी सब फरार बताए जाते हैं। पुलिस छानबीन कर रही है।
इस संबंध में माढ़ोताल थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूरतलाई निवासी रोशन विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह 40 वर्ष की आयु का होकर अविवाहित था। अपने लिये एक सभ्य सुशील पत्नी की तलाश कर रहा था। इसी सिलसिले में वह अपने माता पिता व परिजनों के साथ जगन्नाथपुरी गया था। वहां शादी विवाह कराने का काम कराने वाले प्रवीन राठ, द्वारा हम लोगों को 2-3 जगह की लड़कियों की व्हाटसएप फोटो बतायी गयी परंतु यह रिश्ता नही हुआ। वापस जबलपुर आने पर फोन पर प्रवीन राठ ने सविता नामक युवती की जानकारी देकर उसकी मौसी, ममता महीर व मामी झांसी कुमारी से सम्पर्क करवाया। मौसी व मामी के द्वारा सविता राठ का अविवाहित होना तथा मां का देहांत होना बताया गया। इसके बाद युवक के परिवारजनों ने सविता राठ से उसका विवाह करने हेतु सहमति प्रदान की।
पीडित के मुताबिक 30 जुलाई की रात प्रवीन राठ, सविता राठ, ममता महीर व झांसी कुमारी जबलपुर आए। यहां 31 जुलाई को दोपहर में सूरतलाई के ही पंडित नारायण विलोहा ने उसका एवं सविता राठ का विवाह हिन्दू रीति रिवाज से कराया था। चढ़ावे के रूप में उसके परिजनों ने सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल सविता राठ को दिया। विवाह के बाद प्रवीन राठ, मौसी ममता महीर व झांसी कुमारी को 1 लाख रूपये नगद, 35 हजार रूपये प्रवीन के खाता में आनलाईन किये थे। इसके अलावा रेल किराया 3500 रूपये प्रवीन के खाता में अलग से आनलाईन किये, जिसके बाद प्रवीन राठ, ममता महीर, झांसी कुमारी रात में बस से जबलपुर से रायपुर के लिये निकल गये थे। विवाह होने के 3 दिन तक सविता राठ उसके घर में अच्छे से रही परन्तु विवाह होने के बाद भी सविता राठ ने उसे पत्नी सुख प्रदान नहीं दिया। वह लगातार बहाना बनाती रही, जिसकी गतिविधियों से उसे व उसके परिजनों को शक होने लगा।
इस बीच 4 अगस्त को सविता राठ ने उसके घर से भागने का प्रयास किया तो उसने नई नवेली पत्नी सविता राठ से भागने का कारण पूछा, जिस पर उसने बताया कि वह पूर्व से शादीशुदा और गर्भवती है। पैसों की आवश्यकता होने के कारण उसे प्रवीन राठ, ममता महरी व झांसी कुमारी ने लालच दिया, जिनके लालच में आकर ही उसने विवाह किया है। उसके साथ प्रवीन राठ, ममता महीर, झांसी कुमारी, सविता राठ ने धोखाधड़ी करते हुये राशि लेकर फर्जी तरीके से विवाह करने तथा सविता राठ के पूर्व से विवाह की जानकारी नहीं दी गई। पुलिस ने लिखित शिकायत जांच पर आरोपी सविता कलसई, प्रवीण, ममता महीर, झांसी कुमारी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।







