भोपालमध्य प्रदेश

अवैध कब्जों पर सख्त हुआ प्रशासन, 13 ट्रक सामान जब्त कर सड़कें कराईं साफ

अवैध कब्जों पर सख्त हुआ प्रशासन, 13 ट्रक सामान जब्त कर सड़कें कराईं साफ

भोपाल, यशभारत। राजधानी के मध्य विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैले अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा चाबुक चलाया। कोर्ट और एमपी नगर स्थित अतिक्रमण रोधी विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक धावा बोलकर गुमठियों, ठेलों और अन्य अवैध संरचनाओं को हटाने की ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में दिनभर हड़कंप का माहौल बना रहा।

कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौक से कुल 13 ट्रक भरकर सामान जब्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों के कारण आम जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और यातायात बाधित हो रहा था। इसी जनसमस्या को संज्ञान में लेते हुए यह विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि यह कार्रवाई महज एक दिन की नहीं है, बल्कि सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन के इस कड़े रुख से उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र में सड़कों और फुटपाथों पर दोबारा होने वाले अवैध कब्जों पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button