भोपाल में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान: 4 ज़ोन में बंटा शहर, रोजाना कट रहे 1500 चालान

भोपाल में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान: 4 ज़ोन में बंटा शहर, रोजाना कट रहे 1500 चालान
भोपाल, यशभारत। राजधानी की सड़कों पर अब ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों की खैर नहीं है। यातायात पुलिस द्वारा लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक बड़ा और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सीट बेल्ट न लगाना, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव और रॉन्ग साइड ड्राइविंग जैसे मामलों पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।
यातायात डीसीपी बसंत कौल ने बताया कि व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पूरी राजधानी को 4 प्रमुख ज़ोन में बांटा गया है। प्रत्येक ज़ोन में 2 से 3 चेकिंग पॉइंट तैयार किए गए हैं, जहाँ 8 से 10 पुलिसकर्मियों की टीम लगातार तैनात रहकर चालानी कार्रवाई कर रही है। पुलिस का सबसे ज्यादा फोकस शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे के पीक आवर्स पर है, जब सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव सबसे अधिक रहता है।
सड़क हादसों में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए कम उम्र के युवाओं की ओवरस्पीडिंग पर नकेल कसने के लिए स्थानीय थानों की पुलिस को भी इस अभियान में शामिल किया गया है। डीसीपी के मुताबिक, रोजाना काटे जा रहे 1500 चालानों में सबसे बड़ी संख्या बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने वालों की है। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि हादसों से बचने और कानूनी कार्रवाई से सुरक्षित रहने के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।







