
मुंबई,यशभारत । महाराष्ट्र के बहुचर्चित टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार गुप्ता को भिवंडी पुलिस की विशेष टीम ने बिहार से गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपी को हवाई मार्ग से पुणे लाने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच भिवंडी लेकर पहुंची, जहां उसे अदालत में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसियों का मानना है कि वीरेंद्र गुप्ता से पूछताछ में पेपर लीक गिरोह के नेटवर्क, अन्य आरोपियों की भूमिका, आर्थिक लेन-देन और पूरी साजिश से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। साथ ही मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जा सकती है।







