भोपालमध्य प्रदेश

महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा ने सीएम और भोपाल पुलिस कमिश्नर से मांगी सुरक्षा

महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा ने सीएम और भोपाल पुलिस कमिश्नर से मांगी सुरक्षा

भोपाल, यशभारत। प्रयागराज महाकुंभ में अपनी आंखों की खूबसूरती और माला बेचने के वीडियो से रातों-रात सोशल मीडिया सनसनी बनीं मोनालिसा भोंसले एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह कोई फिल्म या वीडियो नहीं, बल्कि उनकी जान पर मंडरा रहा खतरा है। मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है, जिसके बाद उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली मोनालिसा ने एक वीडियो संदेश जारी कर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और भोपाल पुलिस कमिश्नर से मदद की अपील की है। उन्होंने एक औपचारिक पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। मोनालिसा ने वीडियो में भावुक होते हुए कहा, हमें मारने और काटने की धमकियां दी जा रही हैं। मैं बालिग हूँ और अपनी जिंदगी के फैसले खुद ले सकती हूँ, लेकिन हमें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

निजी मामले को ‘सांप्रदायिक’ रंग देने का आरोप
मोनालिसा ने कुछ असामाजिक तत्वों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके निजी जीवन के फैसले को ‘लव जिहाद’ का रूप देकर शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग अपने निजी आर्थिक लाभ के लिए उन्हें मोहरा बना रहे हैं और समाज की शांति भंग करना चाहते हैं।

मेरे निजी मामले को सांप्रदायिक तनाव का मुद्दा न बनाया जाए। मैं अपनी मर्जी से अपनी जिंदगी जी रही हूँ, जिसे समय रहते रोकना जरूरी है। – मोनालिसा भोंसले

महाकुंभ से बॉलीवुड तक का सफर
बता दें कि मोनालिसा भोंसले तब सुर्खियों में आई थीं जब महाकुंभ के दौरान माला बेचते हुए उनका एक वीडियो वायरल हुआ था। उनकी सुंदरता के चलते उन्हें बॉलीवुड फिल्मों के ऑफर भी मिले और उन्होंने अपनी पहली फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी। करीब एक सप्ताह पहले फरमान खान के साथ उनकी शादी की खबर सामने आई, जिसके बाद से ही यह विवाद खड़ा हो गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button