भोपाल

विक्रमोत्सव के लिए मप्र को मिला एशिया का वाउ गोल्ड अवॉर्ड 

विक्रमोत्सव के लिए मप्र को मिला एशिया का वाउ गोल्ड अवॉर्ड
भोपाल यशभारत। उज्जैन में आयोजित भव्य विक्रमोत्सव कार्यक्रम के लिए मध्यप्रदेश को एशिया के शासकीय समारोहों की विशेष श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राज्य सरकार के संस्कृति विभाग के अंतर्गत कार्यरत महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा आयोजित कायक्रम को मिला है। वाउ अवॉर्ड एशिया की टीम जल्द ही भोपाल आकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सौंपेगी। इससे पहले विक्रमोत्सव 2024 को एशिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन घोषित किया गया था। मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि विक्रमोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और विकास का समन्वय है, जो पिछले 18 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है और देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बना चुका है। विक्रमोत्सव 2025 में 300 से अधिक सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। जिनमें लाखों लोगों ने प्रत्यक्ष और डिजिटल माध्यमों से सहभागिता की। इन गतिविधियों में शिवरात्रि मेले, विक्रम व्यापार मेला, नृत्य-संगीत कार्यक्रम, विज्ञान समागम, कोटि सूर्योपासना, शिल्प कार्यशालाएं, विक्रम पंचांग विमोचन, कवि सम्मेलन और 1000 ड्रोन की आकर्षक प्रस्तुति शामिल थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विक्रमोत्सव की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य की गरिमा और वैभव को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रेरणादायक प्रयास है। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों को युवा पीढ़ी को इतिहास से जोडऩे की दिशा में उल्लेखनीय बताया।
वाउ अवॉर्ड एशिया का प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म
वाउ अवॉर्ड एशिया वर्ष 2009 से लाइव इवेंट्स और अनुभव आधारित आयोजनों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाला एक प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म है। इस वर्ष इसका 16वां संस्करण मुंबई के जियो वर्लड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुआ, जिसमें देश-विदेश की प्रतिष्ठित संस्थाओं ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button