भोपाल

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भारत-पाकिस्तान मैच पर उठाया सवाल, बीजेपी पर लगाए ‘दोहरे मापदंड’ के आरोप

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भारत-पाकिस्तान मैच पर उठाया सवाल, बीजेपी पर लगाए ‘दोहरे मापदंड’ के आरोप

​यश भारत,भोपाल: दुबई में होने वाले भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर “दोहरे मापदंड” अपनाने का आरोप लगाते हुए पूछा है कि जो लोग पहले पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते थे, अब वही इस मैच पर चुप क्यों हैं।
​नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल करते हुए कहा, “बीजेपी देशभक्ति और पाकिस्तान विरोध की बातें करती है, लेकिन इस मैच पर उनके दोहरे मापदंड सामने आ रहे हैं। क्या अब वे पाकिस्तान प्रेमी बन गए हैं? क्या खेल के लिए ब्रांडिंग और पैसा कमाने की नीति देशभक्ति से ऊपर है?”
​’पहले नफरत फैलाते थे, आज चुप क्यों?’
​प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पीसीसी चीफ) जीतू पटवारी ने भी एक वीडियो जारी कर बीजेपी को घेरा। उन्होंने याद दिलाया कि एक समय था जब बीजेपी और उससे जुड़े संगठन पाकिस्तान के साथ होने वाले मैच पर खूब हंगामा करते थे और देश में नफरत फैलाते थे। पटवारी ने सवाल किया, “आज वे चुप क्यों हैं?”

​उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि ‘टेरर और टॉक एक साथ नहीं हो सकते’। पटवारी ने कहा कि देश के 26 सैनिकों की शहादत के बाद पाकिस्तान के साथ मैच पर बहस होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले अलग बात करते थे और अब अलग बात कर रहे हैं, उन्हें पहचानना ज़रूरी है।

​खेलों को बढ़ावा देने की अपील

जीतू पटवारी ने यह भी कहा कि भारत में खेलों को चीन, अमेरिका और यूरोप जैसा महत्व नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि मेहनती खिलाड़ियों को सरकार और समाज से पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने के कारण बच्चे खेलों में आने से डरते हैं।
​उन्होंने माता-पिता से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करें। पटवारी ने कहा कि जिस तरह एक सैनिक देश की सेवा करता है, उसी तरह एक खिलाड़ी भी खेल के माध्यम से देश की सेवा करता है। उन्होंने बताया कि खेल न केवल करियर का एक अच्छा विकल्प है, बल्कि यह खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत भी बनाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button