पीएम ई-बस और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ, देखे वीडियो …..

जबलपुर, यशभारत। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को आईएसबीटी से पीएम ई-बस सेवा और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद आशीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संयुक्त प्रयासों से जबलपुर को कुल 100 बसों की सौगात मिली है। इनमें 45 नई बसें शामिल हैं, जबकि 55 बसें पहले से संचालित हो रही हैं। इन बसों के संचालन से शहर के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
सांसद ने बताया कि जबलपुर से अन्य जिलों के लिए 14 बसें निर्धारित की गई हैं। वहीं शेष बसों का संचालन शहर और जबलपुर जिले के आसपास के ग्रामीण अंचलों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नियमित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम में जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, विधायक सुशील इंदु तिवारी, विधायक अशोक रोहाणी और भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बस सेवा शुरू होने से शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।







