भोपालमध्य प्रदेश

भू-अभिलेख पोर्टल बंद होने से जमीन की रजिस्ट्री और नक्शे से जुड़े काम अटके

भू-अभिलेख पोर्टल बंद होने से जमीन की रजिस्ट्री और नक्शे से जुड़े काम अटके

– मेंटेनेंस के कारण वेबजीआईएस 2.0 सेवाएं बाधित, खरीदार-विक्रेता और बैंकिंग प्रक्रिया पर असर

भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश में जमीन से जुड़े ऑनलाइन काम इन दिनों प्रभावित हो गए हैं। भू-अभिलेख विभाग का वेबजीआईएस 2.0 पोर्टल मेंटेनेंस और अपडेशन के चलते 1 अप्रैल से बंद कर दिया गया है, जो 8 अप्रैल तक बंद रहेगा। पोर्टल बंद होने के कारण प्रदेशभर में खसरा, खतौनी, भू-नक्शा और जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाएं बाधित हो गई हैं।

पोर्टल बंद रहने से नए खसरा नंबर जारी नहीं हो पा रहे हैं और न ही नए खसरों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो पा रही है। इससे जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े कई काम अटक गए हैं। खासकर वे लोग ज्यादा परेशानी में हैं, जिनकी रजिस्ट्री के लिए एग्रीमेंट की तय समय सीमा इन आठ दिनों के भीतर थी। समय पर रजिस्ट्री नहीं होने से खरीदार और विक्रेता दोनों ही असमंजस की स्थिति में हैं।

इसका असर बैंकिंग प्रक्रिया पर भी पड़ रहा है। जमीन की रजिस्ट्री और दस्तावेज पूरे नहीं होने के कारण कई मामलों में बैंक लोन की प्रक्रिया भी अटक गई है। कई खरीदारों का भुगतान रुका हुआ है, जिससे सौदे लंबित पड़े हैं। जमीन से जुड़े एजेंटों और दस्तावेज तैयार करने वाले पेशेवरों का काम भी प्रभावित हो रहा है।

हालांकि इसी दौरान रजिस्ट्री से जुड़े संपदा पोर्टल का भी मेंटेनेंस किया गया था, लेकिन उसे एक दिन में ही फिर से चालू कर दिया गया। वहीं वेबजीआईएस 2.0 को पूरे आठ दिनों के लिए बंद रखा गया है।
अधिकारियों का कहना है कि पोर्टल में तकनीकी अपडेशन और सुधार किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button