खेलो एमपी यूथ गेम्स का कल होगा भव्य आगाज, बोट क्लब पर दिखेगी तकनीक और रोमांच की जुगलबंदी

खेलो एमपी यूथ गेम्स का कल होगा भव्य आगाज, बोट क्लब पर दिखेगी तकनीक और रोमांच की जुगलबंदी
– देश में पहली बार वॉटर प्रोजेक्शन और फ्लोटिंग स्टेज पर होगी स्पोर्ट्स लॉन्चिंग
– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शुभारंभ; ब्लॉक स्तर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में कल यानी 13 जनवरी का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में जुड़ने जा रहा है। राजधानी के बोट क्लब पर शाम 6 बजे खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन करेंगे। आयोजन की खास बात यह है कि देश में पहली बार अत्याधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ किसी खेल आयोजन की लॉन्चिंग की जा रही है।
तैयारियों का निरीक्षण और दिशा-निर्देश कार्यक्रम की भव्यता को सुनिश्चित करने के लिए खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बोट क्लब पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा और व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने कहा कि यह आयोजन मध्यप्रदेश को खेलों के मामले में नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
वॉटर प्रोजेक्शन और फ्लोटिंग स्टेज होंगे आकर्षण इस बार उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम पूरी तरह से ‘थीम आधारित’ होगा। इसमें बोट क्लब की लहरों पर वॉटर प्रोजेक्शन और पानी के बीच बने फ्लोटिंग स्टेज के जरिए दर्शकों को एक अनोखा अनुभव मिलेगा। यह तकनीक खेल जगत में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इस्तेमाल की जा रही है।
प्रतिभा चयन का नया मॉडल खेल मंत्री ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स के माध्यम से पहली बार प्रदेश के सभी खेल संघों को एक मंच पर लाया गया है। कल से ही प्रदेशभर में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी। इसकी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी यह है कि मध्यप्रदेश की आगामी अधिकृत टीम का चयन इन्हीं खेलों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। इससे गांव और ब्लॉक स्तर के छिपे हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सीधा रास्ता मिलेगा।







