खंडवा हादसा: सीएम ने किए सारे कार्यक्रम रद्द, सांत्वना देने के लिए रवाना

खंडवा हादसा: सीएम ने किए सारे कार्यक्रम रद्द, सांत्वना देने के लिए रवाना
भोपाल,यशभारत। दशहरे के पर्व पर खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र में हुए भीषण हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया है। ग्राम जामली के निकट अर्दला तालाब में माँ दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबने से एक साथ 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
इस घटना के बाद, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज के सारे कार्यक्रम को रद्द कर दोपहर में शोक संतप्त आदिवासी परिवारों के बीच पहुंचकर सांत्वना देने के लिए रवाना हो गये हैं। मुख्यमंत्री पहले ही मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा कर चुके हैं।
गांव से निकलीं 11 अर्थियां; शोक में डूबा इलाका
हादसे की खबर से जामली गांव में गहरा मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही गांव से एक साथ 11 अर्थियां निकलना पूरे क्षेत्र के लिए एक विचलित कर देने वाला क्षण था। ग्रामीण गमगीन हैं और बताया गया है कि कल से अधिकांश परिवारों के घरों में चूल्हा तक नहीं जला है। प्रशासन के निर्देश पर ग्राम पंचायत द्वारा मृतकों का अंतिम संस्कार पाडलाफाटा में किया जा रहा है।
जनजातीय कार्य मंत्री ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री के आने से पहले, जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह सुबह ही घटना स्थल अर्दला तालाब पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पाडलाफाटा पहुंचकर अंतिम संस्कार की तैयारियों को देखा और शोकाकुल परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।






