भोपाल में 27 जनवरी को खेलो एमपी यूथ गेम्स का महाकुंभ, कैलाश खेर बांधेंगे समां

भोपाल में 27 जनवरी को खेलो एमपी यूथ गेम्स का महाकुंभ, कैलाश खेर बांधेंगे समां
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स-2026 का राज्य स्तरीय भव्य शुभारंभ 27 जनवरी को राजधानी के टीटी नगर स्टेडियम में होने जा रहा है। इस गौरवशाली समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। युवाओं के जोश को दोगुना करने के लिए सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर अपनी सुरीली आवाज से सुरों का जादू बिखेरेंगे।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति भारी उत्साह है। उन्होंने कहा, ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं। वर्तमान में जिला और संभाग स्तरीय मुकाबले जारी हैं, जो 25 जनवरी तक संपन्न हो जाएंगे। इसके तुरंत बाद 27 जनवरी से राज्य स्तरीय मुकाबलों का आगाज होगा।
ओलंपिक की तर्ज पर आयोजन इस बार इन खेलों का स्वरूप बेहद भव्य रखा गया है। प्रदेश के कोने-कोने से लगभग 1.50 लाख खिलाड़ी विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य स्तर पर चयनित होने वाले विजेताओं के लिए सरकार ने 4 करोड़ रुपये की कुल पुरस्कार राशि निर्धारित की है, जो खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए एक बड़ा कदम है।







