भीषण गर्मी में राजाभोज सेतु से लेकर पॉलिटेक्निक चौराहे पर घंटों जाम, लोग परेशान

भीषण गर्मी में पॉलिटेक्निक चौराहे पर घंटों जाम, लोग परेशान
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर शनिवार को भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। तेज गर्मी के बीच लगे इस जाम में लोग करीब घंटो तक फंसे रहे, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार राजाभोज सेतु से लेकर पॉलिटेक्निक चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। तापमान लगभग 38 से 40 डिग्री के आसपास होने के कारण जाम में फंसे लोगों को उमस और गर्मी से जूझना पड़ा। इस दौरान ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र छात्राएं और अन्य राहगीर खासे प्रभावित हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जाम इतना लंबा था कि कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की कतारें दूर तक फैली रहीं वहीं सार्वजनिक परिवहन भी इस जाम की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर ट्रैफिक दबाव अधिक रहता है लेकिन उचित प्रबंधन के अभाव में स्थिति और बिगड़ जाती है। लोगों ने यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।







