Jabalpur Municipal Corporation News. इलाहाबाद के गंगाजल, नर्मदा तटों के नर्मदा जल से शुद्ध किया गया नगर निगम सदन परिसर

सदन बैठक खत्म होने के बाद भी नगर निगम जबलपुर सुर्खियों में
भाजपा पार्षद ने भाजपाईयों के साथ मिलकर पूर्व मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
सरस्वती शिशु मंदिर के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए बयान से भड़का आक्रोश
जबलपुर,यशभारत। शहर हित को लेकर सर्वसम्मति से भले ही नगर निगम की सदन बजट बैठक में 15 अरब का बजट पास हो चुका हो। भले ही पक्ष और विपक्ष एक दूसरे के सामने 3 दिनों तक चली बजट बैठक में विरोध प्रदर्शन करते नजर आए लेकिन सदन बैठक खत्म होने के बाद भी नगर निगम जबलपुर एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है। इस बार भाजपा पार्षद ने अपने साथियों के साथ मिलकर नगर निगम सदन परिसर पंडित भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष को नर्मदा जल-गंगा जल से शुद्ध किया है। वजह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नगर निगम सदन परिसर में जाने का।
इस संबंध में भाजपा पार्षद जीतू कटारे ने यशभारत को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के बारे में ये कहा जाना कि यहां जहर घोलने का काम होता है, ये बहुत निंदनीय है। क्योंकि सरस्वती स्कूल में बचपन से ही देश प्रेम की भावना जागृत की जाती है। ऐसा कहकर पूर्व मुख्यमंत्री ने लाखों शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्राचार्यों को आहत किया है। इसी के विरोध में भाजपा पार्षद ने साथियों के साथ मिलकर नगर निगम जबलपुर की सदन बैठक के स्थान पर शुद्धिकरण अभियान चलाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कांग्रेस पार्षद दल के पास मुलाकात करने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गए थे जिससे नगर निगम सदन परिसर दूषित हो गया है। इसलिए शहरवासियों के घरों से , नर्मदा तटों से और इलाहाबाद से बुलाए गए गंगाजल से सदन परिसर को शुद्ध किया गया है। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना था कि पूर्व मुख्यमंत्री ने नगर निगम सदन परिसर को अपवित्र किया है इसलिए सफाई अभियान जरूरी था।