
ईरानी मिसाइल हमलों से दहला इजरायल का ‘लिटिल इंडिया’, डिमोना- अराद में 100 से ज्यादा लोग घायल, नेतन्याहू ने तेहरान पर हमले की खाई कसम
पीएम नेतन्याहू ने कहा कि मैंने अपने कार्यालय के महानिदेशक को सभी सरकारी मंत्रालयों के साथ मिलकर आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मैं इस समय मैदान में तैनात आपातकालीन और बचाव बलों को और मजबूत कर रहा हूं।
एक पोस्ट में मंत्रालय ने कहा, ईरानी शासन ने जानबूझकर नागरिकों पर मिसाइलों से हमला करके अराद और डिमोना को तबाह कर दिया। बच्चों समेत 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं. यह एक युद्ध अपराध और आतंकवाद है। अल जजीरा के अनुसार, दक्षिणी इजराइल के अराद शहर के मेयर यायर मायान ने बताया कि प्रभावित इलाके से लगभग 150 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। नेतन्याहू ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, हमारे भविष्य के अभियान में यह एक बेहद मुश्किल शाम है।
अभी कुछ देर पहले ही मैंने अराद के मेयर यायर मायान से बात की और उनसे सभी इजराइली नागरिकों की ओर से घायलों की शांति के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध किया> मैंने अपने कार्यालय के महानिदेशक को सभी सरकारी मंत्रालयों के साथ मिलकर सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।

डिमोना में फेल हुआ एयर डिफेंस सिस्टम
इजरायली रक्षा बल (IDF) ने स्वीकार किया है कि उनका एयर डिफेंस सिस्टम इस मिसाइल को इंटरसेप्ट करने में नाकाम रहा।मिसाइल एक सामुदायिक भवन पर गिरी, जिससे आसपास के पुराने घर ढह गए। ईरान ने इस हमले को अपने नतांज (Natanz) परमाणु केंद्र पर हुए हमले का ‘प्रतिशोध’ बताया है।
ईरान ने कहा दुश्मन के लिए सबक
इजरायल की परमाणु सुविधा के पास हमले को ईरानी मीडिया ने बड़ी सफलता बताया है। ईरान की तस्नीम एजेंसी ने एक बयान में कहा, दुश्मन को एक बार ऐसा सबक मिला है, जिसे वह भूल नहीं पाएगा। ईरानी मिसाइलों से कोई भी इलाका सुरक्षित नहीं है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि उसे उन रिपोर्टों की जानकारी है, जिनमें कहा गया है कि शहर में कोई मिसाइल का वस्तु गिरी है, लेकिन उसे परमाणु ठिकानों को किसी भी तरह के नुकसान का संकेत नहीं मिला है। एजेंसी ने यह भी बताया कि रेडिएशन का कोई भी असामान्य स्तर नहीं पाया गया है।
मराठी भाषी ‘लिटिल इंडिया’ में हड़कंप
डिमोना की लगभग 30 प्रतिशत आबादी (करीब 7,500 लोग) भारतीय मूल के यहूदियों की है, जिनमें से अधिकांश महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते हैं। यहां क्रिकेट भी काफी लोकप्रिय है और भारतीय मिठाइयां व स्नैक्स स्थानीय बाजारों में आसानी से मिल जाते हैं। यहां की गलियों में मराठी भाषा और भारतीय स्वाद (जैसे सोनपापड़ी, गुलाब जामुन, पापड़ी चाट और भेलपूरी) रचे-बसे हैं. हमले के बाद पूरे समुदाय में डर का माहौल है।







