लालसोट में पटाखा विवाद से भड़का बराती शादी समारोह में 10 लोगों को कार से कुचला,एक की मौत

दौसा, एजेंसी। राजस्थान के दौसा में रविवार रात को एक शादी समारोह में पटाखे जलाने की बात को लेकर विवाद हो गया। एक बाराती ने मारपीट के बाद कार से दुल्हन पक्ष के 9 लोगों को कुचल दिया। जिसमें दुल्हन के चचेरे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसके बाद घायलों को लालसोट हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां इलाज के बाद 7 लोगों को गंभीर स्थिति में जयपुर रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है।
घटना दौसा के लालसोट थाना क्षेत्र के लाडपुरा की है। यहां कैलाश मीणा के लड़की की शादी थी। बारात निवाई से आई थी। रात करीब 9:30 बजे पटाखे जलाने को लेकर बाराती और दुल्हन पक्ष में विवाद हो गया। इस दौरान बारात में शामिल एक युवक ने गुस्से में करीब 10 लोगों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। शादी में विधायक रामविलास मीणा भी आए थे। घटना के बाद उन्होंने घायलों को हॉस्पिटल भिजवाया। बताया जाता है कि बाराती कार की छत पर खड़े होकर हाथ में पटाखों का बॉक्स लेकर चारों ओर आतिशबाजी छोड़ रहे थे। इस दौरान दुल्हन का भाई घर आ रहा था। उसने पटाखे चला रहे बाराती से साइड मांगी तो दोनों में विवाद हो गया। उसके बाद दुल्हन के भाई और बाराती में मारपीट हो गई। इसके बाद उस बाराती ने बदला लेने के लिए अपनी कार से दुल्हन पक्ष के 9 लोगों को कुचल दिया। इनमें से 7 लोगों को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया था। जहां दुल्हन बीना के चचेरे भाई गोलू मीणा (22) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी हो गया फरार
डीएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए एक सफेद रंग की द्ब20 कार का इस्तेमाल किया था। वो कार महेंद्र नाम के एक व्यक्ति के नाम से रजिस्टर है। जिस ओर आरोपी भागा वहां के सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। जल्द से जल्द जांच कर असली आरोपी को पकडऩे की कोशिश की जा रही है।
विधायक ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
शादी समारोह में लालसोट विधायक रामविलास मीणा भी शामिल हुए थे। विधायक रामविलास मीणा ने बताया- मैं शादी समारोह में शामिल होने आया था। लड़की के घर बारात आ रही थी। रास्ते में पटाखे जलाने की बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान एक बाराती ने शादी में शामिल होने आए लोगों को कुचल दिया। विधायक ने कहा-घटना के दौरान मैं टेंट में था। बाहर से चीख -पुकार मची तो दौड़कर बाहर गए। इसके बाद पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी मिली। हमने तुरंत अपनी गाडिय़ों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दे दी।