पैसों के लालच में परिचित युवक ने की थी किसान की गला घोंट कर हत्या -पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

पैसों के लालच में परिचित युवक ने की थी किसान की गला घोंट कर हत्या
-पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
-आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल बाइक और लूटी गई रकम बरामद
भोपाल, यशभारत।
बैरसिया इलाके में गमछे से गला घोंट कर किसान की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पैसों के लालच में आकर किसान की हत्या करना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या की वारदात में इस्तेमाल बाइक और लूटी गई रकम बरामद कर ली है।
एसपी देहात भोपाल प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि बैरसिया थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सुंदरपुरा आम रास्ते के किनारे खेत की झाडिय़ों में एक व्यक्ति की लाश बरामद की थी। उसके गले में गमछा कसा हुआ था। मृतक की पहचान ग्राम पीपलधार शमशाबाद जिला विदिशा निवासी मोकम सिंह यादव पुत्र देवी सिंह(54) के रूप में की गई थी। प्राथमिक पड़ताल में मामला हत्या का लग रहा था। शव की पीएम रिपोर्ट में भी गला घाटने से मौत होने की पुष्टि हुई थी। इस आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। शुरूआत से ही हत्या की वारदात में किसी परिचित अथवा करीबी के हाथ होने की आशंका थी। जब पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो पता चला कि मृतक घटना वाले दिन अपने गांव के ही दिनेश अहिरवार के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मुख्य संदेही दिनेश अहिरवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पैसों के लालच में की हत्या-
आरोपी दिनेश अहिरवार ने पुलिस पूछताछ में बताया कि मोकम सिंह और वह दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं, इस कारण वह एक-दूसरे से अच्छी तरह परिचित थे। दिनेश को पता था कि मोकम सिंह ने हाल ही में अपनी कुछ जमीन बेची है। इस कारण उसके पास काफी पैसा है। वह हमेशा अपने पास 40 से 50 हजार रूपए रखता है। उसे भी पैसों की जरूरत थी। इस कारण उसने घटना वाले दिन मोकम सिंह को बैरसिया की ओर घूमने और खाना खाने चलने को कहा तो वह तैयार हो गया। इसके बाद दिनेश उसे अपनी बाइक से घटना स्थल तक लाया। जहां पर उसने मोकम सिंह की गमछे से गला घोंट कर हत्या कर दी और 34 हजार रूपए लूट लिए। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक और लूटे गए 34 हजार रूपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।







