हंगामे के बीच 3938 करोड़ का नगर निगम बजट पेश – विकास की गाथा लिखने का दावा, विपक्ष ने किया हंगामा

हंगामे के बीच 3938 करोड़ का नगर निगम बजट पेश
– विकास की गाथा लिखने का दावा, विपक्ष ने किया हंगामा
भोपाल, यशभारत। शहर के विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते महापौर मालती राय ने 3938.45 करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव रखा। बजट में सडक़, तालाब, पार्क और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया है। हालांकि पिछले वर्षों में किए गए कई वादे अब तक अधूरे रहने से इस बार भी घोषणाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगर निगम के अनुसार, इस वर्ष भवन निर्माण व मरम्मत के लिए 10.50 करोड़, सडक़ निर्माण के लिए 30 करोड़, स्ट्रीट लाइट के लिए 3 करोड़ और पार्क विकास के लिए 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा शहर के प्रमुख जल स्रोतों के संरक्षण के लिए बड़ा तालाब पर 14.91 करोड़, छोटा तालाब पर 7 करोड़, शाहपुरा तालाब पर 9 करोड़ और कलियासोत तालाब पर 34 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
बजट में आय और व्यय दोनों 3938.45 करोड़ अनुमानित किए गए हैं, जो पिछले वर्ष के 3611 करोड़ के बजट से अधिक है।
अधूरे वादों पर उठे सवाल
नगर निगम द्वारा पिछले दो वर्षों से किए जा रहे 7 हेरिटेज गेट और गीता भवन निर्माण जैसे प्रोजेक्ट अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। बीते एक साल में केवल दो हेरिटेज गेट—भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे और होशंगाबाद रोड पर—भूमिपूजन तक ही सीमित रहे हैं।
टैक्स नहीं बढ़ा, पर शुल्क बढऩे की तैयारी
इस बार बजट में किसी भी प्रकार का नया टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। हालांकि वार्डों में परिसीमन शुल्क बढ़ाने की तैयारी की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है।
सदन में गोमांस मुद्दे पर हंगामा
बजट बैठक के दौरान गोमांस और स्लॉटर हाउस के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष शाबिस्ता जकी ने प्रश्नकाल में यह मुद्दा उठाया, जिस पर एमआईसी सदस्य ने जवाब दिया। इस दौरान महापौर और नेता प्रतिपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
बीजेपी पार्षदों ने भी इस मुद्दे पर कड़ा विरोध जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
अन्य प्रस्तावों पर निर्णय – बैठक में नई पार्किंग व्यवस्था लागू करने और कंडम वाहनों को हटाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। वहीं, शहर में जमा पुराने कचरे को हटाने का प्रस्ताव पारित नहीं हो सका, जिस पर विपक्ष ने आपत्ति जताई।






