खबर का असर: यश भारत पर समाचार देख ग्रामीणों ने पहचाना, मिल गया लापता युवक

खबर का असर: यश भारत पर समाचार देख ग्रामीणों ने पहचाना, मिल गया लापता युवक
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बैरसिया थाना क्षेत्र से लापता हुए 19 वर्षीय युवक के मामले में यश भारत की खबर असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर लापता करन अहिरवार का पता चल गया। पास के ही एक गांव के सजग नागरिकों ने खबर देख युवक को पहचाना और परिजनों को इसकी सूचना दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबर, ग्रामीणों ने दी सूचना
उल्लेखनीय है कि ग्राम रानी खजुरी निवासी करन अहिरवार मंगलवार को कॉलेज जाने का कहकर घर से निकला था और संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। ‘यश भारत’ ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जो सोशल मीडिया पर चंद घंटों में ही वायरल हो गई। पास के गांव के कुछ लोगों ने जब मोबाइल पर खबर और युवक की तस्वीर देखी, तो उन्हें युवक अपने गांव में नजर आया। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को फोन कर बताया कि यश भारत में आपके बच्चे के लापता होने की खबर चल रही है, वह हमारे गांव में है।
परिजनों ने फोन कर जताया आभार
बेटे के सकुशल मिलने के बाद परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। लापता लड़के के पिता राजू अहिरवार ने यश भारत कार्यालय में फोन कर टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाचार के व्यापक प्रसार के कारण ही उनका बेटा सुरक्षित घर लौट सका है।







