देश

भोपाल में भीषण गर्मी का असर, प्रदेश में लू का कहर – खजुराहो 45.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म

भोपाल में भीषण गर्मी का असर, प्रदेश में लू का कहर
– खजुराहो 45.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है और राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई शहर लू की चपेट में आ गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के आधे हिस्से में तेज लू चलने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान खजुराहो में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम में 45.2 डिग्री, धार में 45 डिग्री और शाजापुर में 44.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के करीब 12 शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
राजधानी भोपाल में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में ही रहने को मजबूर दिखे।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में तीव्र लू को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने की संभावना है और वॉर्म नाइट की स्थिति बन सकती है।
इसके अलावा झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ में भी लू का असर बना रहेगा। वहीं भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तेज गर्मी का प्रभाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। मालवा-निमाड़ क्षेत्र के शहरों में गर्म हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button