भोपाल

शाहपुरा लेक से कोलार चौराहे तक अवैध पार्किंग

शाहपुरा लेक से कोलार चौराहे तक अवैध पार्किंग

– सड़क पर बढ़ा यातायात दबाव, रोज लग रहा जाम 

भोपाल, यश भारत । शाहपुरा लेक से कोलार चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। दोनों तरफ वाहनों की पार्किंग होने से सड़क का उपयोगी हिस्सा कम हो गया है। इससे व्यस्त समय में मार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है और कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन रही है।
 मार्ग पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। शाहपुरा क्षेत्र से कोलार की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों के साथ स्थानीय रहवासियों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के किनारे कार, दोपहिया और अन्य वाहन खड़े रहने से गुजरने वाले वाहनों को सीमित जगह में आगे बढ़ना पड़ता है। सामने से वाहन आने पर स्थिति और मुश्किल हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे पार्क किए जाने वाले वाहनों की संख्या लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। व्यस्त समय में जब सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ता है, तब पार्किंग के लिए छोड़ी गई जगह के कारण वाहनों को पर्याप्त मार्ग नहीं मिल पाता। इससे यातायात की गति प्रभावित होती है और कई बार वाहनों की कतार लग जाती है।
राहगीरों के लिए भी यह स्थिति परेशानी पैदा कर रही है। सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने के कारण पैदल चलने के लिए उपलब्ध स्थान कम हो जाता है। ऐसे में लोगों को सड़क के किनारे से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, मार्ग पर नियमित निगरानी नहीं होने के कारण वाहन चालक सड़क किनारे पार्किंग कर देते हैं।
क्षेत्रवासियों ने यातायात पुलिस और नगर निगम से इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों पर नियमित कार्रवाई की जाए और जहां आवश्यक हो, वहां पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जाए। साथ ही व्यस्त समय में यातायात कर्मियों की निगरानी बढ़ाने की मांग भी की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button