भोपाल

आईएएस कोचिंग की डायरेक्टर का अपहरण कर वसूले 2 करोड़  – पूर्व छात्र पर आरोप, जांच में जुटी पुलिस  

आईएएस कोचिंग की डायरेक्टर का अपहरण कर वसूले 2 करोड़ 
– पूर्व छात्र पर आरोप, जांच में जुटी पुलिस  
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल में आईएएस कोचिंग संस्थान की डायरेक्टर के अपहरण और उन्हें बंधक बनाकर 2 करोड़ रुपये वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में कोचिंग संस्थान के ही एक पूर्व छात्र और फ्रेंचाइजी संचालक पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है,  पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुभ्रा आईएएस कोचिंग संस्थान की डायरेक्टर शुभ्रा रंजन को उनके ही एक पूर्व छात्र ने कथित तौर पर अगवा कर लिया था। आरोपी की पहचान हो चुकी है। बताया जा रहा है कि आरोपी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के एक सेवानिवृत्त अधिकारी का बेटा बताया जा रहा है। आरोपी पहले दिल्ली में रहकर इसी कोचिंग से यूपीएससी की तैयारी भी कर चुका है और बाद में कोचिंग की फ्रेंचाइजी से जुड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कोचिंग की दूसरी शाखा खोलने और उस स्थान का निरीक्षण कराने के बहाने शुभ्रा रंजन को भोपाल बुलाया था। वह दिल्ली से आकर शहर के ताज होटल में ठहरी थीं। दो दिन पहले आरोपी प्रियंक शर्मा उन्हें होटल के बाहर से कार में बैठाकर ले गया। इसके बाद उन्हें शहर के बागसेवनिया क्षेत्र के एक फ्लैट में ले जाकर दो दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान आरोपी ने कथित रूप से धमकाकर उनके बैंक खाते से करीब 2 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपी ने पीड़िता को पुलिस में शिकायत न करने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। बैंक ट्रांजक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरी साजिश और लेन-देन के विवाद की सच्चाई सामने आ सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button