जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

कचरे के ढेर में मिली मानव खोपड़ी, इलाके में हड़कंप; कबरबिज्जू की आशंका पर भी जांच कर रही रांझी पुलिस

जबलपुर : रांझी थाना अंतर्गत रक्षा नगर फक्कड़ बाबा मंदिर के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कचरे के एक ढेर में इंसानी खोपड़ी देखी गई। मानव खोपड़ी मिलने की खबर हवा की तरह फैली और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। क्षेत्रवासियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गई खोपड़ी

सूचना मिलते ही रांझी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और खोपड़ी को कब्जे में ले लिया। सीएसपी रांझी सतीश साहू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:

“बुधवार को रक्षा नगर फक्कड़ बाबा मंदिर क्षेत्र से कचरे के ढेर में मानव खोपड़ी होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खोपड़ी को बरामद कर लिया है। इसे विस्तृत फोरेंसिक (FSL) जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि उम्र और समय का सटीक पता लगाया जा सके।”

क्या कबरबिज्जू लेकर आए खोपड़ी?

चूंकि मौके से केवल खोपड़ी बरामद हुई है, शरीर का कोई अन्य हिस्सा नहीं मिला है, इसलिए पुलिस इस मामले को बेहद संदेहास्पद मानकर सूक्ष्मता से जांच कर रही है।

आसपास के रहवासियों से की गई शुरुआती पूछताछ में एक नया एंगल सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर कबरबिज्जू (Grave Digger/Indian Badger) देखे जाते हैं। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कबरबिज्जू पास के किसी कब्रिस्तान या श्मशान से खोपड़ी को खोदकर यहां ले आए होंगे।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

हालांकि, पुलिस केवल कबरबिज्जू वाली थ्योरी पर निर्भर नहीं है। अंदेशा इस बात का भी है कि यह मामला किसी गंभीर अपराध या हत्या से जुड़ा हो सकता है। रांझी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और क्षेत्र के लापता लोगों के रिकॉर्ड खंगालने के साथ-साथ हर संभावित एंगल से तफ्तीश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button