भीषण सड़क हादसा: चार युवकों की दर्दनाक मौत, 3 घायल, बोलेरो और ट्रक में हुई टक्कर

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां बोलेरो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह सभी मजदूरी के लिए जा रहे थे। इस दौरान चार युवक काल की गाल में समा गए। यह पूरी घटना शाहगढ़ थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शाहगढ़ तहसील, छतरपुर सीमा के पास बोलेरो और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए। वहीं ट्रक के सामने का हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद कुछ लोग बोलेरो में फंस गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया है, लेकिन जब तक चार युवकों की जान चली गई थी। वहीं तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए है। जिन्हें इलाज के लिए सागर के जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सभी मृतक शाहगढ़ के आगरा गांव के निवासी बताए जा रहे है। बताया जा रहा है कि यह सभी सागर-छतरपुर के बीच चल रहे फोर लेन सड़क के निर्माण में मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। इस दौरान हादसे का शिकार हो गए। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसर गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना को लेकर शाहगढ़ थाना के टीआई संदीप खरे ने बताया कि चूना फैक्ट्री के पास बोलेरो और ट्रक का एक्सीडेंट हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे। उसमें फंसे हुए लोगों को JCB की मदद से निकाला गया है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। तीन लोगों को प्रथामिक उपचार के बाद सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।






