खौफनाक मर्डर : बुझ गया घर का चिराग, आखिरी बार फोन पर कहा था ‘जल्द घर आ रहा हूं’, फिर किसने छीनी 20 साल के छात्र की जिंदगी? प्रेम प्रसंग या रंजिशन जांच जारी

हत्या का मामला दर्ज; एसपी मलय जैन ने गठित की SIT
बालाघाट। जिले के हट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहारा-परासपानी मार्ग पर 20 वर्षीय कॉलेज छात्र रियांश चौहान का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक नाहरवानी निवासी रियांश पिता दिनेश चौहान बताया गया है। शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन मृतक के शरीर पर मिले चोटों के निशान और परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है।
एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
पुलिस अधीक्षक मलय जैन हट्टा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से प्रकरण की अब तक हुई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पुलिस टीम के साथ लोहारा-परासपानी मार्ग स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए।
दोस्तों के साथ मंडई देखने गया था रियांश, रात 10 बजे हुई थी आखिरी बातचीत
जानकारी के अनुसार, नाहरवानी निवासी रियांश अपने बड़े भाई के साथ बालाघाट स्थित सरदार पटेल कॉलेज में बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को वह अपने दोस्तों मयूर रावड़े और सुभाष के साथ परासपानी गांव में आयोजित मंडई कार्यक्रम देखने गया था।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे रियांश की फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने दोस्तों के साथ होने और जल्द घर लौटने की बात कही थी।
बताया गया है कि मंडई कार्यक्रम के दौरान रियांश अपने दोस्त मयूर रावड़े की स्कूटी की चाबी लेकर कहीं चला गया था। दोस्त के अनुसार, रियांश के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पाया।
इसके बाद मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे हट्टा पुलिस ने परिजनों को रियांश के दुर्घटना का शिकार होने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो लोहारा-परासपानी मार्ग पर उसका शव पड़ा हुआ था और पास में ही स्कूटी गिरी मिली थी।
पिता ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटनास्थल की परिस्थितियों और रियांश के शरीर पर चोटों के निशान देखकर पिता दिनेश चौहान ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार किया और हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस एवं एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं, परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक पंचनामा कार्रवाई भी की गई।
संदेहियों से पूछताछ, आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के पहलू पर भी जांच
मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग सहित अन्य संभावित पहलुओं को भी शामिल किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर रियांश की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।







