देश

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक-कार में आग लगने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के वर्धा जिले की घटना

वर्धा। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पुणे से वर्धा जा रही एक तेज रफ्तार कार इथेनॉल से भरे दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से भर गया।

हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार ट्रक के नीचे फंस गई, जिससे उसमें सवार चार लोग बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी विकराल थी कि किसी को बचाने का अवसर नहीं मिल सका।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इथेनॉल से लदा ट्रक पहले से दुर्घटनाग्रस्त होकर हाईवे पर खड़ा था। इसके चलते यातायात को डायवर्ट किया गया था, लेकिन तेज रफ्तार कार चालक समय रहते वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी।

मृतकों की पहचान वर्धा जिले के सलोद गांव के निवासियों के रूप में हुई है। कार में सवार लोगों में जुड़वां बहनें भी शामिल थीं, जो पुणे में प्रवेश संबंधी कार्य पूरा कर अपने घर लौट रही थीं। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस, दमकल विभाग और राहत दल मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के बाद कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button