तेज रफ्तार कार बिजली के खंबे से टकराई, एडवोकेट की मौत

तेज रफ्तार कार बिजली के खंबे से टकराई, एडवोकेट की मौत
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल यशभारत।
छोला मंदिर थाना के पास कल तडक़े एक तेज रफ्तार कार मेन रोड पर लगे बिजली के खंबे से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक एडवोकेट की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, गोविंदपुरा इलाके में पैदल सडक़ पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एसआई शिवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि चित्रकूट फेस-2 भानपुर निवासी चेतन ठाकुर पुत्र स्व. रतन सिंह(29) एडवोकेट थे और जिला अदालत में प्रेक्टिस करते थे। कल तडक़े करीब साढ़े चार बजे वह अपनी कार से नादरा बस स्टेण्ड होते हुए घर लौट रहे थे। तभी उनकी तेज रफ्तार कार छोला थाना के पास मेन रोड के किनारे लगे बिजली के खंबे से टकरा गई। हादसे के बाद चेतन को एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसआई मिश्रा ने बताया कि हादसे के वक्त चेतन ठाकुर ने शराब पी रखी थी और कार की रफ्तार भी ज्यादा थी। जो हादसे में मौत का कारण बनी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक चेतन दो बहनों का इकलौता भाई था, दोनों बहने शादीशुदा है। पिता की मौत के बाद मां को रेलवे में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वह अपनी मां के साथ रह रहा था।
पैदल को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत-
गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने राहगीर युवक को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। एएसआई साहेब लाल ने बताया कि ग्राम नयापुरा खातेगांव देवास निवासी मुकेश उर्फ बाबू साहू पुत्र काशीराम(38) मेहनत-मजदूरी करता था। कल सुबह वह रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने पैदल सडक़ पार कर रहा था, तभी उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आधार कार्ड और मोबाइल से उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।







