जबलपुर में सुबह-सुबह झमाझम बरसे मेघ, उमस भरी गर्मी से मिली राहत
अचानक बदले मौसम से खिल उठे चेहरे, तापमान में आई गिरावट

जबलपुर, यशभारत। जिले में सोमवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ दिन की शुरुआत हुई। झमाझम बारिश से पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में तेज बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया।
बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह टहलने निकले लोगों और कामकाज के लिए घरों से निकलने वालों को भी बदले मौसम का सुखद अहसास हुआ। वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे, क्योंकि मानसून की सक्रियता खरीफ फसलों की बुआई के लिए अनुकूल मानी जा रही है।
हालांकि कुछ निचले इलाकों में जलभराव और सड़कों पर फिसलन के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन कुल मिलाकर बारिश ने शहरवासियों को गर्मी और उमस से राहत पहुंचाई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में प्री मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 39°C के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 30°C के करीब दर्ज किया गया है







