उमस भरी गर्मी के बीच जबलपुर में झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहाना
काले बादलों के साथ बरसे मेघ, ठंडी हवाओं ने दी राहत

जबलपुर, यश भारत। संस्कारधानी में मंगलवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से तेज उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे, लेकिन दोपहर ढलते ही आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया। इसके बाद शहर के कई इलाकों में कड़कड़ाती बिजली के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। अचानक हुई बारिश से जहां राहगीर भीगने से बचने के लिए दुकानों और शेड्स के नीचे शरण लेते नजर आए, वहीं लंबे समय से जारी उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं ने पूरे शहर का तापमान कम कर दिया और मौसम खुशनुमा हो गया।
मौसम का आनंद लेने के लिए लोग घरों से बाहर निकल पड़े। सदर, सिविक सेंटर, ग्वारीघाट सहित शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। गरमा-गरम चाय, समोसे और मंगौड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। बारिश से किसानों और आम नागरिकों के चेहरों पर भी खुशी नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों में जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।







