जबलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस में अब मिलेगा फर्स्ट एसी कोच का सफर

जबलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस में अब मिलेगा फर्स्ट एसी कोच का सफर
भोपाल, यशभारत। जबलपुर से यशवंतपुर (बेंगलुरु) के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल ने यात्रियों की सुविधा और आरामदायक सफर को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर चलने वाली जबलपुर-यशवंतपुर-जबलपुर एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी कोच लगाने का फैसला किया है। यह नई व्यवस्था आगामी सितंबर से लागू होने जा रही है।
भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन होकर गुजरने वाली गाड़ी संख्या 12194 जबलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस में यह फर्स्ट एसी कोच 12 सितंबर से स्थाई रूप से जोड़ दिया जाएगा। वहीं, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 12193 यशवंतपुर-जबलपुर एक्सप्रेस में यह सुविधा 13 सितंबर से प्रभावी होगी।
अब 22 एलएचबी कोच के साथ दौड़ेगी ट्रेन
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, फर्स्ट एसी कोच शामिल होने के बाद अब इस ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोचों की कुल संख्या 22 हो जाएगी। नई कोच संरचना के तहत ट्रेन में 01 फर्स्ट एसी, 02 सेकंड एसी, 05 थर्ड एसी, 01 थर्ड एसी इकोनॉमी, 06 स्लीपर क्लास, 04 जनरल कोच, 01 पेंट्रीकार, 01 जनरेटर कार और 01 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।
पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यात्री इस नई वीआईपी श्रेणी की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। ट्रेन में कोचों की स्थिति, सीटों की उपलब्धता और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस ऐप, रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 या रेलवे के अधिकृत पूछताछ केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं।







