शव वाहन से चुराई बकरियां : पुलिस ने गैंग के गुर्गों को किया गिरफ्तार
शव वाहन से 6 बकरियां चोरी

शव वाहन से चुराई बकरियां : पुलिस ने गैंग के गुर्गों को किया गिरफ्तार
रीवा । जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा मामला सामने आया है। यहां चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए किसी आम गाड़ी का नहीं, बल्कि एक सरकारी शव वाहन का इस्तेमाल किया। जिस वाहन से शवों को ले जाया जाता है, उससे बकरियां चुराई जा रही थीं। सरकारी शव वाहन से बकरियां चुराने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
शव वाहन से 6 बकरियां चोरी
पूरा मामला रीवा जिले के गुढ़ थाना अंतर्गत ग्राम पोखरा का है, यहां एक फरियादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके घर से 6 बकरियां चोरी हो गई हैं। शिकायत मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। जब पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की, तो एक बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि वारदात के समय इलाके में एक सरकारी शव वाहन जैसा दिखने वाला वाहन घूमता हुआ देखा गया था।
पकड़ाए आरोपी ने कबूला जुर्म
इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अपने सूचना तंत्र को सक्रिय किया। दूसरी ओर पुलिस की 3 से 4 टीमें लगातार आरोपियों की धर पकड़ के लिए सर्चिंग अभियान चला रहीं थी। आखिरकार पुलिस के हाथ सफलता लग गई। टीम ने राजेश मिश्रा नाम के एक आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूला और गिरोह में शामिल अपने अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी राजेश मिश्रा समेत उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी की बकरियां भी बरामद कर ली गई हैं।
अन्य अपराधियों की तलाश जारी
पुलिस इनके अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि यह एक बेहद गंभीर लापरवाही का मामला है, जहां सरकारी सेवा के लिए मिले वाहन का इस्तेमाल इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में किया गया। जिस सरकारी शव वाहन का उपयोग चोरी में किया गया था, उसकी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस ने इस गंभीर लापरवाही को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर सूचित किया है।







