
दो बसों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, 7 यात्रियों की मौत
सूरत, यश भारत गुजरात के सूरत जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बारडोली के निकट धुलिया राजमार्ग पर हुआ, जहां गुजरात राज्य परिवहन (एसटी) और महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बसों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि गुजरात एसटी की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के कुछ ही क्षण बाद बस में आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। आग के साथ तेज धमाके की आवाज भी सुनाई दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।यह दुर्घटना बारडोली तालुका के उवा और मानेकपुर गांवों के बीच हुई। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र परिवहन निगम की बस धुलिया से नवापुर होते हुए सूरत की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही गुजरात एसटी की बस से उसकी टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों के जरिए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ यात्री बस के भीतर ही फंस गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में कई लोग आग की चपेट में आने से जिंदा जल गए।घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।






