बाइकों की भिड़ंत के बाद पीछे से घुसी स्कूटी : दो की मौत, छह घायल…. क्षेत्र में हड़कंप

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के धनोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत थावरी ग्राम के समीप आज मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत होने के बाद पीछे से आ रही एक स्कूटी भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थावरी गांव के पास दो मोटरसाइकिलें तेज गति से आ रही थीं। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रही एक स्कूटी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों से जा टकराया। हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की। सूचना मिलने पर धनोरा थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनोरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में सुमान सिंह उइके (50 वर्ष) तथा गौतम उइके (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायलों में नरेन्द्र परते, झलकन यादव, दुजिया बाई, ब्रजवती बाई, सुरेश्वती बाई और लक्ष्मी बाई शामिल हैं। सभी का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में किया जा रहा है।
धनोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।धनोरा थाना प्रभारी मनीष बंसोड़ का कहना है कि 2 बाइक व एक स्कूटी की दुर्घटना में 2 लोगो की मौत हुई है और 6 घायल हैं।







