भोपालमध्य प्रदेश

फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष पर FIR, बंधक बनाकर पिटाई का आरोप

फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष पर FIR, बंधक बनाकर पिटाई का आरोप
भोपाल,यशभारत। मध्यप्रदेश फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संजय जैन और अन्य अधिकारियों के खिलाफ हबीबगंज थाना पुलिस ने युवक से मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के आधार पर की गई है, जिसमें पीड़ित युवक ने दफ्तर में बंधक बनाकर पीटे जाने और प्राइवेट पार्ट पर हमला किए जाने का गंभीर आरोप लगाया था। वहीं, काउंसिल ने भी युवक पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट का काउंटर केस दर्ज कराया है।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
पीड़ित युवक की पहचान तुषार सोनारे के रूप में हुई है। तुषार ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर रोते हुए आपबीती सुनाई। उसने आरोप लगाया कि अध्यक्ष संजय जैन, केके यादव, गोपाल यादव और अन्य अधिकारियों ने उसे घसीटकर अंदर ले जाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसे ब्लीडिंग हो रही है। तुषार ने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की गुहार लगाते हुए कहा कि वारदात के समय मौजूद पुलिसकर्मी भी सिर्फ मूकदर्शक बने रहे।
विवाद की जड़: डिजिटल साइन और घंटों इंतज़ार
तुषार के मुताबिक, यह विवाद उसके सर्टिफिकेट पर डिजिटल साइन कराने को लेकर शुरू हुआ। वह पिछले एक महीने से काउंसिल के चक्कर काट रहा था, लेकिन हर बार उसे टरका दिया जाता। शुक्रवार को जब वह शिकायत लेकर गया तो रजिस्ट्रार मैडम लंच पर चली गईं और घंटों तक नहीं लौटीं। तुषार जब दोबारा अधिकारी के केबिन में जाने लगा तो गार्ड ने उसे रोका और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। तुषार ने बताया कि इसी निराशा में वह अपनी और अन्य स्टूडेंट्स की परेशानी को वीडियो में रिकॉर्ड कर रहा था, जिससे अधिकारी नाराज़ हो गए और बाहर आकर उसके साथ मारपीट करने लगे।
काउंसिल का पलटवार: शासकीय कार्य में बाधा का केस
उधर, फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संजय जैन ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्हें बाहर हुई मारपीट की जानकारी नहीं है, लेकिन युवक ने पहले गार्ड के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। जैन ने तुषार पर कैंपस में हंगामा करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया। काउंसिल के कर्मचारी की शिकायत पर तुषार सोनारे के खिलाफ भी मारपीट, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज की FIR
हबीबगंज थाना टीआई संजीव चौकसे ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। तुषार की शिकायत पर संजय जैन, जितेंद्र (गार्ड) और अज्ञात पर मारपीट जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया है। वही गोपाल सिंह यादव (कर्मचारी) की शिकायत पर तुषार सोनारे पर शासकीय कार्य में बाधा, गाली गलौज, धमकी और मारपीट का केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की गिरफ्तारी नहीं हुई है, और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button