किसानों की ट्रैक्टर रैली से थमा पनागर, पांच किलोमीटर लंबा जाम
आठ सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील का घेराव

किसानों की ट्रैक्टर रैली से थमा पनागर, पांच किलोमीटर लंबा जाम
आठ सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील का घेराव
जबलपुर, यश भारत। पनागर में बुधवार को किसानों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली, जिससे जबलपुर-रीवा मार्ग पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रैली के बाद किसानों ने तहसील कार्यालय का घेराव किया और प्रशासन को आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
किसानों का कहना था कि वे नए युग के किसान हैं, लेकिन सरकार उन्हें अब भी पुरानी व्यवस्था में बांधकर रखे हुए है। इससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसान पिछड़ते जा रहे हैं।
किसानों की प्रमुख मांगे
पराली बांधने की व्यवस्था सरकार करे, अन्यथा खेत में आग लगाने की जिम्मेदारी भी सरकार की होगी।
उर्वरक वितरण में टोकन सिस्टम बंद कर पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए।
किसानों को दिन में थ्री-फेज बिजली मिले और फर्जी हॉर्सपावर बढ़ाने की समस्या दूर की जाए।
अनाज खरीदी केंद्रों पर एमएसपी के आधार पर खरीदी सुनिश्चित की जाए।
किसानों के अनाज का लंबित भुगतान शीघ्र किया जाए।
पराली प्रबंधन से जुड़ा किसान विरोधी कानून (एसएमएस) तत्काल वापस लिया जाए।
टोल नाकों पर हार्वेस्टरों को रोका न जाए।
जिन किसानों की जमीन सरकार ने अधिग्रहित की है, वे जमीनें पुनः भू-स्वामियों के नाम दर्ज की जाएं।







