भोपालमध्य प्रदेश

एक क्लिक से किसान का मोबाइल हैक, बैंक पहुंचने तक दो खातों से उड़े 2 लाख रुपए

एक क्लिक से किसान का मोबाइल हैक, बैंक पहुंचने तक दो खातों से उड़े 2 लाख रुपए

भोपाल, यशभारत। राजधानी के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में एक किसान को मोबाइल पर आए लिंक पर क्लिक करना बेहद भारी पड़ गया। शातिर ठगों ने किसान का मोबाइल हैक कर महज कुछ ही मिनटों में उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 2 लाख रुपए साफ कर दिए। चौंकाने वाली बात यह है कि जब तक पीड़ित किसान घर से महज 500 मीटर दूर स्थित बैंक पहुंचा, तब तक आरोपी तीन ट्रांजेक्शन कर चुके थे।

पुलिस के अनुसार, बैरागढ़ चींचली निवासी 30 वर्षीय अबरार खान पेशे से किसान हैं। 8 अप्रैल 2026 को उनके मोबाइल पर एक मैसेज के साथ एक संदिग्ध लिंक आया था। अबरार ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनका पूरा मोबाइल फोन हैकर्स के नियंत्रण में चला गया। कुछ ही देर बाद उनके खाते से 50 हजार रुपए कटने का मैसेज आया। पैसा कटने की जानकारी मिलते ही अबरार तुरंत बैंक के लिए निकले, लेकिन उनके बैंक पहुंचने तक आरोपियों ने यूपीआई के जरिए ताबड़तोड़ ट्रांजेक्शन जारी रखे।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अबरार के एक ही बैंक में मौजूद दो खातों को निशाना बनाया। पहले खाते से 50-50 हजार रुपए के दो ट्रांजेक्शन कर एक लाख रुपए निकाले गए। इसके बाद दूसरे खाते से भी इसी तरह दो बार में एक लाख रुपए और पार कर दिए गए। पीड़ित जब बैंक के अंदर अधिकारियों को घटना की जानकारी दे रहे थे और खाता ब्लॉक करने की प्रक्रिया चल रही थी, उस दौरान भी उनके खाते से अंतिम 50 हजार रुपए कट गए।

मामले की जांच कर रहे अधिकारी शिवेंद्र मिश्रा ने बताया कि बैंक से ट्रांजेक्शन की जानकारी मांगी गई है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि राशि यूपीआई के जरिए ट्रांसफर हुई है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पैसा किस खाते में गया है। पुलिस ने बैंक को आधिकारिक पत्र लिखकर उच्च अधिकारियों से विस्तृत डेटा मांगा है ताकि पैसों के ट्रेल को ट्रेस किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button