जबलपुरमध्य प्रदेश

24 करोड़ की लागत से रांझी सिविल अस्पताल का विस्तार अंतिम चरण में

जल्द मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

जबलपुर, यशभारत। शहर के रांझी स्थित सिविल अस्पताल के विस्तार कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है और अब यह प्रोजेक्ट अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा नया भवन क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा। अस्पताल में 50 अतिरिक्त बिस्तरों की वृद्धि की जा रही है, जिससे इसकी कुल क्षमता में उल्लेखनीय इजाफा होगा।

ग्राउंड प्लस 4 मंजिला इस आधुनिक भवन में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो लिफ्ट, दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और अत्याधुनिक पैथोलॉजी लैब स्थापित की जा रही है, जहां सभी प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही 50 बिस्तरों का नया वार्ड भी तैयार किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए अस्पताल में नई सोनोग्राफी और एक्स-रे मशीनें भी स्थापित कर दी गई हैं, जिससे मरीजों को त्वरित और सटीक जांच का लाभ मिल सकेगा। गौरतलब है कि अब तक अस्पताल में समुचित व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को अक्सर विक्टोरिया अस्पताल और मेडिकल अस्पताल रेफर करना पड़ता था। इससे आसपास के क्षेत्र के मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

संयुक्त स्वास्थ्य संचालक डॉ. संजय मिश्रा के अनुसार, आगामी 3 से 4 सप्ताह में निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। शासन ने 30 अप्रैल तक प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य तय किया है, जिसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा अस्पताल का लोकार्पण किया जाएगा। अस्पताल के इस विस्तार और बिस्तरों की संख्या बढ़ने से अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे हजारों मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है और बड़े अस्पतालों पर दबाव भी कम होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button