EOW सागर ने दमोह जिले में लाखों की स्टांप ड्यूटी चोरी का किया खुलासा : डिप्टी रजिस्ट्रार समेत 3 के खिलाफ केस दर्ज

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) सागर ने दमोह जिले में लाखों की स्टांप ड्यूटी चोरी का खुलासा किया है। इस खुलासे में 3.19 लाख का राजस्व घोटाला उजागर हुआ है। EOW ने मामले में तत्कालीन डिप्टी रजिस्ट्रार समेत 3 लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।
दमोह निवासी अजीत अग्रवाल की शिकायत पर ईओडब्ल्यू में दर्ज मामले की जांच में जमीन की रजिस्ट्री में सीमा निर्धारण में हेरफेर कर स्टांप शुल्क चोरी की जांच में आरोप सही पाए गए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2018 में लखनलाल पटेल ने 0.71 हेक्टेयर जमीन 57.73 लाख रुपए में खरीदी थी। इसके बाद वर्ष 2020 में वही जमीन उन्होंने केवल 27.93 लाख रुपए में जगजीत सिंह वाधवा को बेच दी। रजिस्ट्री के दौरान तत्कालीन डिप्टी रजिस्ट्रार उल्लास नाखरे की मौजूदगी में चतुर्सीमा (सीमा) में जानबूझकर बदलाव किया गया। स्टांप शुल्क कम करने के लालच में बायपास रोड की वास्तविक स्थिति को छुपाकर जमीन को अंदरूनी हिस्से की बताई गई थी।
जमीन के इस हेरफेर से सरकार को 3.19 लाख रुपए का नुकसान हुआ, जबकि खरीदार और विक्रेता को अवैध फायदा पहुंचाया गया। EOW ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।
EOW सागर द्वारा की गई बड़ी कार्यवाही मे तत्कालीन डिप्टी रजिस्ट्रार उल्लास नाखरे, खरीदार जगजीत सिंह वाधवा और विक्रेता लखनलाल पटेल पर सरकारी खजाने को 3 लाख 19 हजार 739 रुपए का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।







