थॉर और स्विफ्ट कार से हो रही थी अंग्रेजी शराब की तस्करी -पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, आरोपियों की गाडिय़ों से 15 पेटी शराब जब्त

थॉर और स्विफ्ट कार से हो रही थी अंग्रेजी शराब की तस्करी
-पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, आरोपियों की गाडिय़ों से 15 पेटी शराब जब्त
भोपाल, यशभारत।
रातीबड़ थाना पुलिस ने कल एक थॉर गाड़ी और स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अलग-अलग ब्रांड की 15 पेटी 135 लीटर अंग्रेजी शराब और दोनों वाहन जब्त किए हैं। जिसकी कीमत करीब 15 लाख रूपए बताई जा रही है।
थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक महिन्द्र थॉर और स्विफ्ट कार में अवैध तरीके से शराब की तस्करी के इरादे से नीलबड़ की ओर से आने वाले हैं। इसके बाद दो अलग-अलग टीमें बनाकर शराब तस्करों को पकडऩे के लिए रवाना की गईं और स्टेट डेयरी के पास चैकिंग पाइंट लगाया गया। इसी दौरान महिंद्र थॉर एमपी 04 सीपी 9399 और स्विफ्ट कार एमपी 52 सीए 1383 को घेराबंदी कर रोका गया। मौके पर ही तलाशी लेने पर काले रंग की थॉर और स्विफ्ट कार से अंग्रेजी शराब की रायल चैलेंज 04 पेटी , बैगपाईपर 02 पेटी, एमडी 02 पेटी, ऑफीसर च्वाईस 05 पेटी, रायल स्टेग 02 पेटी कुल 750 एमएल की 180 बोतल कुल मात्रा 135 लीटर अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने थॉर और स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों की पहचान तिलकनगर इटारसी होशंगाबाद निवासी शुभम सोनकर, गांधीनगर इटारसी जिला होशंगाबाद निवासी आयुष अग्रवाल और शुभम जैन के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों वाहन जप्त किया है। आरोपियो के खिलाफ रातीबड़ सहित पूर्व में इटारसी, औबेदुल्लागंज एवं मिसरोद थाने में पूर्व से अवैध शराब परिवहन, आम्र्स एक्ट एवं मारपीट के केस दर्ज हैं।







